नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर के हर जिले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने इस अभियान का नारा हर जिला, एक दिन, एक मांग रखा है और लोगों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
पार्टी की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है कि यह प्रदर्शन छात्रों की मांगों के समर्थन और हाल के प्रदर्शनों के दौरान कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के साथ एकजुटता जताने के लिए किया जाएगा। सीजेपी ने छात्र संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों से मिलकर प्रदर्शन आयोजित करने, प्रशासन से अनुमति लेने और सभी जरूरी तैयारियां करने को कहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी जाएगी। पार्टी ने बताया कि प्रदर्शन के आयोजन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रचार सामग्री और ज्ञापन का प्रारूप भी जारी कर दिया गया है। सीजेपी का कहना है कि 24 जुलाई को देशभर में एक साथ होने वाला यह प्रदर्शन छात्रों के मुद्दों और कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ एकजुटता का संदेश देगा।
आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी नीट पेपर लीक, शिक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लेकर 20 जून से राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रही है। सीजेपी ने अपने प्रदर्शन को एक महीने पूरे होने पर 20 जुलाई को संसद मार्च का आयोजन भी किया था।
सीजेपी का ऐलान: पुलिस लाठी चार्ज के विरोध में 24 जुलाई को देश के हर जिले में होगा प्रदर्शन

