नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। दिल्ली जंतर- मंतर पर पिछले 26 दिनों से जारी सोनम वांगचुक का अनशन कल देर रात खत्म हो गया है। यह अनशन केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद गतिरोध समाप्त हो गया है। सरकार की ओर से मिले लिखित भरोसे के बाद सोनम वांगचुक ने बृहस्पतिवार देर रात अपना अनशन समाप्त कर दिया। इस बीच सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पद से इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि पार्टी उनके साथ खड़ी है। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि मौजूदा राजनीतिक विवाद और विरोध प्रदर्शनों के बीच उनका इस्तीफा लेने का कोई ठोस आधार नहीं है, इसलिए धर्मेंद्र प्रधान अपने पद पर बने रहेंगे।
वांगचुक की बिगड़ती सेहत और छात्रों के बढ़ते गुस्से को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। यह बैठक 4 घंटे तक चली। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को पहल देने का फैसला लिया। सोनम वांगचुक से मुलाकात से पहले गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो से फोन पर बात सरकार की राय को उनके सामने रखा। इसके बाद देर रात जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां वांगचुक भर्ती थे। मंत्रियों ने वांगचुक को केंद्र सरकार का आश्वासन पत्र सौंपा।
डिपार्टमेंट आफ पर्सनल ट्रेनिगं के तहत संसद में अगले हफ्ते नया बिल पेश किया जाएगा, जिसे जल्दी ही कैबिनेट से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सरकार ने 20 जुलाई को हुए संसद मार्च में शामिल छात्रों व शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को आगे न बढ़ाने का आश्वासन दिया है। परीक्षाओं में सुधार और पेपर लीक के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने के साथ-साथ, पेपर लीक की वजह से आत्महत्या करने वाले पीड़ितों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे के प्रावधान पर सकारात्मक विचार करने की बात कही गई है। सरकार द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद के बाद जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ा। पीएम मोदी ने एक्स पर सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसी के साथ सोनम वांगचुक ने साफ किया है कि वे लद्दाख जाने से पहले आंदलनकारियों से बात करेंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और सरकार के साथ संवाद की प्रक्रिया जारी रखने की अपील की है।

