जयपुर,नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। यूजीसी की नई गाइडलाइंस भाजपा के लिए अब गले की फांस बनती नजर आ रही है। स्वर्ण समाज के लोग नई गाइडलाइंस का विरोध कर रहे हैं। सोमवार 3 अगस्त को जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना की ओर से बड़ी रैली निकाली गई। रैली में हजारों लोग शामिल हुए। स्वर्ण समाज ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यूजीसी के नए नियमों को वापस नहीं लेने तक आंदोलन जारी रहेगा और फिर दिल्ली कूच करेंगे।
बीजेपी को वोट नहीं देने की शपथ
जयपुर की रैली के दौरान श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के साथ हजारों लोगों ने शपथ ली कि आगामी दिनों में होने वाले पंचायत और निकाय चुनाव में वे भाजपा को वोट नहीं देंगे। भले ही प्रत्याशी स्वर्ण समाज का हो लेकिन अगर वह भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरा है तो उनकी रैली में भी शामिल नहीं होंगे। साथ ही यूजीसी का विरोध नहीं करने वाले नेताओं का पुरजोर विरोध करेंगे।
देश के हर राज्य में निकालेंगे रैलियां
श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना का कहना है कि स्वर्ण समाज यूजीसी की नई गाइडलाइंस का विरोध करता है क्योंकि इससे देश के लाखों युवाओं के साथ अन्याय होता साफ दिखाई दे रहा है। अभी राजस्थान में 800 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद जयपुर में महारैली का आयोजन किया गया। अब देश के अलग-अलग राज्यों में महा रैलियां निकाली जाएगी ताकि केंद्र सरकार यह समझ सके कि स्वर्ण समाज का पूरा तबका इन नियमों के खिलाफ है।
दिल्ली कूच का ऐलान
राष्ट्रीय महासचिव नारायण सिंह दिवराला ने बताया कि जयपुर में हुई महारैली ने यह साबित कर दिया कि पूरा स्वर्ण समाज एकजुट है। हजारों की संख्या में लोग महारैली में शामिल हुए और बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी मौजूद रहे। आगामी दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी यूजीसी के खिलाफ स्वर्ण समाज की बड़ी रैलियां होंगी। इसके बाद पूरे देश का स्वर्ण समाज दिल्ली कूच करेगा। दिवराला ने कहा कि जब तक यूजीसी की नई गाइडलाइंस को वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक स्वर्ण समाज चुप नहीं बैठेगा।
प्रमु श्रीराम की कसम खाते हैं भाजपा को वोट नहीं देंगे : करणी सेना

