बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड दर्पण पोर्टल पर विभिन्न विभागों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा आईजीआरएस रैंकिंग की गहन समीक्षा की गई। जुलाई 2026 की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में विकास कार्यों में जनपद की 60वीं तथा राजस्व कार्यों में 62वीं रैंक दर्ज हुई है। जिलाधिकारी ने कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि रैंकिंग में सुधार केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ आमजन को दिखाई देना चाहिए।
सीटी स्कैन सेवा में 56वीं रैंक पर जताई नाराजगी
सीटी स्कैन सेवाओं में जनपद की 56वीं रैंक आने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सीटी स्कैन जांच की रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने तथा संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
गोवंश सुपुर्दगी में 58वीं रैंक पर अंतिम चेतावनी
संरक्षित निराश्रित गोवंश की सुपुर्दगी में 58वीं रैंक पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को अंतिम चेतावनी जारी की जाए। गोवंशों को पकड़ने, संरक्षण, भूसा-चारा व्यवस्था, नियमित मॉनिटरिंग तथा पात्र पशुपालकों को सुपुर्दगी की प्रक्रिया में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जाए, इसके बावजूद यदि अन्य सूचकांकों में अपेक्षित सुधार नहीं होती है तो संबंधित के खिलाफ शासन को पत्राचार किया जाए।
कमजोर रैंक वाले विभागों को दो टूक निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 तथा नई सड़कों के निर्माण पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं की प्रगति में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
आईसीडीएस पोषण अभियान पर जिलाधिकारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण संबंधी सभी सूचकांकों में तेजी लाने तथा जमीनी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पारिवारिक लाभ योजना एवं फैमिली आईडी सहित जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली, उनमें मिशन मोड पर कार्य करते हुए रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए गए।
“अपने कार्यों से भागें नहीं, जिम्मेदारी लेकर परिणाम दें”
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि “अपने-अपने कार्यों से भागें नहीं। जिस विभाग और योजना की जिम्मेदारी मिली है, उसमें समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामपरक कार्य सुनिश्चित करें। डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार प्रत्येक अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने दलहन के उत्पादन एवं उत्पादकता को बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि कन्नौज की पहचान इत्र उद्योग से जुड़ी होने के दृष्टिगत फूलों की खेती को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए। फूलों की खेती करने वाले किसानों को चिन्हित कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाए तथा नई किस्मों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए।
आईजीआरएस में असंतुष्ट फीडबैक पर कार्रवाई
आईजीआरएस की समीक्षा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संबंधित 07 प्रकरणों में से 06 का फीडबैक असंतुष्ट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। वहीं एडीओ पंचायत छिबरामऊ से संबंधित 07 में से 07 प्रकरणों में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी तीन दिवस में डिफाल्टर होने वाले सभी संदर्भों को आज ही निस्तारित किया जाए। सभी अधिकारी स्वयं पोर्टल खोलकर लंबित प्रकरणों की स्थिति देखें और निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
ई-ऑफिस को लेकर जिलाधिकारी का सख्त अल्टीमेटम
जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि “कल शाम तक जो अधिकारी ई-ऑफिस पर लॉगिन नहीं करेगा, उसका वेतन रोक दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली में लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस पोर्टल की नियमित निगरानी करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।