नई दिल्ली।।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। देश में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा तेज है। पिछले कुछ हफ्तों में चीनी के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 20 जुलाई 2026 को चीनी की औसत कीमत रू48.18 प्रति किलोग्राम थी, जो 20 अगस्त को बढ़कर रू55.70 प्रति किलोग्राम पहुंच गई। यानी करीब एक महीने में कीमत में रू7.52 प्रति किलो का इजाफा हुआ है।
कीमतों में इस बढ़ोतरी के बीच इथेनॉल उत्पादन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने साफ किया है कि चीनी की मौजूदा महंगाई के लिए इथेनॉल को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक चीनी की कीमतों में हालिया उछाल को इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन से जोड़ना तथ्यात्मक रूप से गलत है। सरकार के मुताबिक मौजूदा चीनी उत्पादन अनुमान से कम रहने के बावजूद देश में इतना स्टॉक मौजूद है कि अक्टूबर में नया पेराई सीजन शुरू होने तक घरेलू मांग को पूरा किया जा सके। सरकार पहले ही चीनी की जमाखोरी और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठा चुकी है। 1 अगस्त 2026 से देशभर में चीनी कारोबारियों के लिए स्टॉक होल्डिंग लिमिट लागू की गई है, जो 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसका उद्देश्य जमाखोरी रोकना, बाजार में लगातार आपूर्ति बनाए रखना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। सरकार के अनुसार कीमतों में मौजूदा तेजी के पीछे कई कारण एक साथ काम कर रहे हैं। इनमें प्रमुख हैं..
उम्मीद से कम घरेलू चीनी उत्पादनत्योहारों के मौसम से पहले मांग में बढ़ोतरीमौसम की वजह से गन्ने की फसल को नुकसानवैश्विक स्तर पर चीनी की सप्लाई में कमीबाजार के कुछ हिस्सों में सट्टेबाजी और जमाखोरी
यानी सरकार का कहना है कि इसे सिर्फ इथेनॉल उत्पादन से जोड़कर देखना सही नहीं है। सरकार ने बताया कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी केवल भारत की समस्या नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की आपूर्ति पर दबाव है और वैश्विक स्तर पर कीमतों में तेजी देखी जा रही है। ऐसे में घरेलू बाजार पर भी इसका असर पड़ रहा है। चीनी उद्योग में गन्ने और उससे बने उत्पादों का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में भी होता है। इसी वजह से यह सवाल उठ रहा था कि क्या इथेनॉल के लिए चीनी/गन्ने के डायवर्जन से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता कम हुई और कीमतें बढ़ीं। सरकार का तर्क है कि मौजूदा कीमत वृद्धि को सीधे इथेनॉल डायवर्जन से जोड़ना सही नहीं है।
