बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए आज नामित अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा संस्थानों की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हसेरन का निरीक्षण उप जिलाधिकारी सदर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जलालाबाद-तिर्वा का निरीक्षण परियोजना निदेशक, डीआरडीए तथा राजकीय आईटीआई, तालग्राम-छिबरामऊ का निरीक्षण उपायुक्त, मनरेगा द्वारा किया गया।
इसी क्रम में एमएमआईटी, अनौगी का निरीक्षण उपायुक्त, स्वतः रोजगार, मान्यवर कांशीराम पॉलिटेक्निक कॉलेज, तिर्वा का निरीक्षण उप जिलाधिकारी तिर्वा, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, जसोदा का निरीक्षण जिला विकास अधिकारी तथा राजकीय पॉलिटेक्निक, तालग्राम-छिबरामऊ का निरीक्षण उपायुक्त, मनरेगा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की स्थिति, शुद्ध एवं शीतल पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, शिक्षण कक्षों एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही विद्यार्थियों के पठन-पाठन, संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने नामित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करते हुए निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण आख्या आज सायं तक उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार है। अतः संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं एवं हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
