बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद में विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शैक्षिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना का प्रभावी ढंग से संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के कुशल नेतृत्व एवं सतत् पर्यवेक्षण में योजना का क्रियान्वयन शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जनपद के 1006 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, 259 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 194 कम्पोजिट विद्यालय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय, 13 सहायता प्राप्त मदरसे, 04 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय, 01 अनुदानित संस्कृत विद्यालय एवं 60 इंटर कॉलेज सहित कुल 1576 विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार विद्यार्थियों को प्रतिदिन पौष्टिक एवं संतुलित मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन प्राप्त हो सके। योजना से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के साथ विद्यालयी उपस्थिति और सीखने की क्षमता को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
आज जनपद के सभी 1576 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण फलों का वितरण किया गया। फल प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह पहल बच्चों के संतुलित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग बच्चों के स्वस्थ, शिक्षित एवं सशक्त भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
