सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मिले आप सांसद संजय सिंह : आरक्षण पर हुई चर्चा

लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। यूपी में विधानसभा चुनाव की बढ़ती हलचल और देश में गरमाए आरक्षण के मुद्दे के बीच रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की। संजय ने सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर लिखा कि संविधान और आरक्षण के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा की आरक्षण खत्म करने की कोशिश को नाकाम करना ही होगा। 69000 शिक्षक भर्ती में प्रदेश सरकार ने पिछड़ों का हक मारा है। सड़क से लेकर संसद और सुप्रीम कोर्ट तक उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। ऐसे कई मुद्दों पर अखिलेश यादव से चर्चा हुई।
चंदा-चीनी के बाद अब स्कूल हो गए चोरी: संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता में स्कूल चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि जौनपुर जिले में पांच ऐसे प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनका जमीन पर कोई अता-पता नहीं है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड (यू डायस) में इन्हें चलता हुआ दिखाया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि जो भी इन पांच गायब स्कूलों में से एक को भी खोज देगा, उसे वे अपने वेतन से एक लाख का इनाम देंगे। इनमें प्राथमिक विद्यालय ढालगर टोला, मिसिरपुर कन्या, कंपोजिट विद्यालय गदन अर्ज़नी, प्राथमिक विद्यालय उर्दू बाज़ार, प्राथमिक विद्यालय बाग हासिम शामिल है। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मैं कोर्ट जाकर अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश में 90 हज़ार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद कर दिए।