कन्नौज: निजी उपयोग के लिए माइन मित्र पोर्टल पर आवेदन करें नागरिक: डीएमओ

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/प्रभारी खनन अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि किसानों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए तथा खनन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “माइन मित्र पोर्टल“ के माध्यम से साधारण मिट्टी के निजी उपयोग हेतु सुविधा प्रदान की गई हैं।

यह भी बताया गया कि नियमानुसार 100 घन मीटर तक किसान या कोई भी आम नागरिक अपने निजी उपयोग (जैसे खेत समतलीकरण या निजी कार्य) के लिए अपनी भूमि से साधारण मिट्टी का खनन और परिवहन विभागीय “माइन मित्र पोर्टल“ पर आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं। 

 जिला खान अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने  सठियापुर एवं पट्टी में किसानों के अपने निजी उपयोग हेतु किये जा रहे मिट्टी भराव का निरीक्षण किया। उन्होनें किसानों से मिट्टी के भराव के लिये मिलने वाली अनुमति के संबंध में जानकारी की, जिसमें किसानों द्वारा बताया गया कि पहले की अपेक्षा अब अनुमति लेना सुलभ व सुगम हो गया हैं। कहा कि पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करने से संबंधित किसान को अनुमति मिल जाती हैं। बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 356 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है, जिसमें कन्नौज के 95, छिबरामऊ के 98 तथा तिर्वा के 163 किसानों को लाभ मिला हैं।