सुरक्षित ईवीएम, निष्पक्ष निर्वाचन की मजबूत आधारशिला—सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं मानकों के अनुरूप वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, बैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट कक्ष, अग्निशमन उपकरण, डबल लॉक प्रणाली, सीलिंग व्यवस्था तथा वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। अतः सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने 24×7 सतत निगरानी, नियमित मॉनिटरिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा सहित सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था में सतर्कता, जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 देवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
