नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। भारत में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषधि निरीक्षक पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द किए जाने को छात्रों की जीत करार देते हुए बुधवार को कहा कि जब तक पेपर लीक कराने वालों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनकी लड़ाई अधूरी है।
एमपीएससी ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में औषधि निरीक्षक समूह-बी के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। यह फैसला इस साल की शुरुआत में हुई परीक्षा में कथित अनियमितताओं की बात सामने आने के बाद किया गया। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, महाराष्ट्र के छात्रों ने एक लड़ाई जीत ली है। उन्होंने कहा, एमपीएससी की ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा और पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द हुई, यह सरकार की मेहरबानी नहीं, उन छात्रों की जीत है जो मार्च में ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के पेपर लीक के बाद से डटे रहे। बीते 22 अगस्त को पुणे में श्छात्रों की गूंजश् कार्यक्रम करने वाले कांग्रेस नेता ने कहा, दबाव झेला, तानें सुने, महीनों इंतज़ार किया, पर आवाज़ उठाना नहीं छोड़ा। आप सब पर गर्व है। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होना जीत है, लेकिन न्याय नहीं है। राहुल गांधी के अनुसार, जब तक लीक कराने वालों को सज़ा नहीं मिलती, यह लड़ाई अधूरी है। उन्होंने छात्रों से कहा, आगे और लड़ाइयां हैं। और हर एक में, मैं आपके साथ हूं। राहुल गांधी ने कहा, हमें इस पूरे सिस्टम को ठीक करना है ताकि हर बच्चे के लिए शिक्षा बेहतर हो, और मेहनत का दाम हर किसी को मिले।
एमपीएससी की भर्ती रद्द होने पर बोले राहुल गांधी : यह न्याय नहीं, छात्रों की जीत है
