फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिले में बारावफात का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जगह-जगह जुलूस निकाले जा रहे हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और जुलूसों के साथ सुरक्षाकर्मी भी चल रहे हैं। कम्पिल में हिंदू समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाइयों का माला पहनाकर स्वागत किया और पीने के पानी की भी व्यवस्था की। नगर कम्पिल में बुधवार को ईद मिलाद-उन-नबी का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। काशिम अली शाह, जामा मस्जिद अध्यक्ष रावेज खां उर्फ बंटी और इमाम गुलाम रब्बानी ने हरा झंडा दिखाकर जुलूस को रवाना किया। इसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यह जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर निजामुद्दीनपुर की गलियों, मुख्य चौराहा, गंगा रोड और मोहल्ला काजी टोला से होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। श्रद्धालु नात-ए-पाक पढ़ते हुए अमन, इंसानियत और भाईचारे का संदेश दे रहे थे। मार्ग में लोगों ने पानी आदि की व्यवस्था कर जुलूस का स्वागत किया। मुख्य चौराहे को झंडों, झालरों और हरी पट्टी से सजाया गया था। इस दौरान नगर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। हिंदू समाज के लोगों ने भी श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन कर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
हिंदू समाज ने बारावफात जुलूस का किया स्वागत : मुस्लिम भाइयों को माला पहनाई
