पुलिस की बडी कार्यवाही : फर्रूखाबाद के कायमगंज में मुनीम से 8 लाख की लूट करने वाले 6 गिरफ्तार

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिले के कायमगंज में उद्योगपति के मुनीम से 8 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने शुक्रवार शाम 5 बजे खुलासा कर दिया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6 लाख 70 हजार रुपये, दो बाइक, 315 बोर का तमंचा और सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। एक आरोपी अभी फरार है।
यह वारदात गुरुवार शाम करीब 6ः10 बजे हुई थी। नारायण टुबैको कंपनी के मुनीम पंकज शर्मा स्कूटी से करीब 8 लाख रुपये लेकर गोदाम जा रहे थे। उन्हें मजदूरों को पेमेंट करना था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने तमंचे की बट से उन पर हमला किया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
एसपी आरती सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रास्ते में लगे सभी कैमरों को चेक किया गया। मुनीम से पूछताछ में भी पुलिस को अहम जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दो बदमाशों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई थी। जांच में सात लोगों के शामिल होने का पता चला। आरोपियों में से एक पहले नारायण टुबैको कंपनी के गोदाम में काम कर चुका था। उसे पता था कि मुनीम किस समय मजदूरों का पेमेंट लेकर जाता है। आरोपियों ने पहले मुनीम की रेकी की थी। वारदात के दिन विक्की और अभय अलग-अलग जगह खड़े होकर मुनीम की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसके बाद एक आरोपी ने पीछे से तमंचे की बट से मुनीम पर दो-तीन बार हमला किया। बॉबी और उत्तम ने भी उसके साथ मारपीट की। मुनीम के गिरते ही आरोपी रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। पुलिस ने उत्तम शुक्ला, मिथुन सक्सेना, अभय सक्सेना, बॉबी, अंग्रेज उर्फ राजकुमार और विकास कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यश नाम का आरोपी अभी फरार है। उसके पास लूट की बाकी रकम होने की बात सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 6 लाख 70 हजार रुपये, दो बाइक, 315 बोर का तमंचा और सात मोबाइल बरामद किए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बाकी रकम भी बरामद होने की उम्मीद है। एसपी आरती सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा 24 घंटे से पहले कर लिया गया। खुलासे में कायमगंज पुलिस के साथ शमशाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।