कन्नौज:  कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर पॉक्सो एक्ट का आरोपी फरार 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिला कोर्ट परिसर से पॉक्सो एक्ट का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवानैन निवासी अंकुल उर्फ अंशुल (25) पुत्र पन्नालाल पर घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मु0अ0सं0 334/2026, धारा 74/331 (2)/351(2) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था।

मढ़पुरा पुल के पास से हुआ था गिरफ्तार

सौरिख पुलिस ने रविवार 30 अगस्त को आरोपी को सौरिख-तिर्वा रोड स्थित मढ़पुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस टीम उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट लेकर पहुंची थी।

शौच का बहाना बनाकर सिपाही को दिया धक्का

कोर्ट परिसर में फिंगरप्रिंट लेने की प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया। जब सिपाही उसे ले जा रहा था, तभी उसने सिपाही को धक्का दिया और बाउंड्री फांदकर भाग निकला।

लापरवाह सिपाहियों पर गिरेगी गाज

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।