बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिला कोर्ट से तीन दिन पहले पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ पॉक्सो एक्ट का आरोपी गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। सौरिख क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को सौरिख सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सौरिख थाना पुलिस ने 30 अगस्त को पुरवानैन गांव निवासी अंकुल जाटव (25) पुत्र पन्नालाल को पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपी को पेशी के लिए जिला कोर्ट लेकर पहुंची थी। इसी दौरान वह सिपाहियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
पानी की टंकी के पास छिपे होने की मिली सूचना
बीती रात सौरिख थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अंकुल जाटव दानपुर गांव की पानी की टंकी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही सौरिख थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस टीमों ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर अंकुल ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली अंकुल के बाएं पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सौरिख सीएचसी में भर्ती कराया।
तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कोर्ट से फरार होने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।
