बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो) श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम धार्मिक आयोजनों को संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोताखोरों को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना मुस्तैदी से ड्यूटी करने वाले 12 गोताखोरों को ₹2,500-₹2,500 की सम्मान राशि प्रदान की गई।
श्रावण मास के दौरान मेंहदी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। ऐसे में गोताखोरों ने पूरी तत्परता, साहस और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया। उनकी सतर्कता एवं अथक प्रयासों के चलते श्रावण मास के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को घटित नहीं होने दिया गया।
जिलाधिकारी ने गोताखोरों के समर्पण, साहस एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। गोताखोरों ने विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाकर सराहनीय कार्य किया है। उनके इस महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए सम्मानित किया जा रहा है।
सम्मान राशि प्राप्त करने के उपरांत गोताखोरों ने जिलाधिकारी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुरक्षा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उनके कार्य की सराहना एवं सम्मान किए जाने से उनका उत्साह बढ़ा है और भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा एवं तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
