कन्नौज: जिला प्रशासन का दावा: जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता द्वारा जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक भंडार, समितियों पर उपलब्धता तथा कृषकों को किए जा रहे वितरण की व्यवस्था को देखा गया।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 61,747 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें 20,000 मीट्रिक टन यूरिया, 9,915 मीट्रिक टन डीएपी, 16,970 मीट्रिक टन एनपीके, 10,427 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) तथा 4,290 मीट्रिक टन पोटाश शामिल है। इस प्रकार जनपद में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान वी-पैक्स हसेरन एवं विजनापुर समिति पर फास्फेटिक उर्वरक (डीएपी एवं एनपीके) की उपलब्धता अपेक्षाकृत कम पाई गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उक्त समितियों पर शीघ्र ही अतिरिक्त उर्वरक का प्रेषण कराया जाएगा, जिससे कृषकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि जनपद की अन्य सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है तथा नियमानुसार एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत पात्र कृषकों को उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में प्रति सहकारी समिति औसतन 37.92 मीट्रिक टन यूरिया एवं 26.46 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है।

जिला कृषि अधिकारी ने कृषकों से अपील की कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक का क्रय करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप उर्वरक प्राप्त करें। प्रशासन द्वारा उर्वरकों की उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को समय से पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध हो सके और कृषि कार्य प्रभावित न हों।