कन्नौज: आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि, डीएम ने किया सम्मानित 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या से मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा सांकेतिक तौर पर 04 लाभार्थियों को साड़ी, 02 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, 10 लाभार्थियों को सांकेतिक मानदेय धनराशि के चेक तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 02 लाभार्थियों को गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं का सुखद घड़ी का पल है। कहा कि मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकत्री का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4  हजार से बढ़ाकर 6 हजार कर दिया है। इसके अतिरिक्त उनका एवं उनके परिवार को 5 लाख के मुख्यमंत्री चिकित्सीय कैशलेश योजना से लाभान्वित किया गया है। 

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्री पोषण आहार का वितरण, राशन उपलब्ध कराना, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल सहित बीएलओ, जनगणना एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन सभी कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सहायिकाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उनके समर्पण एवं सेवाभाव से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को निरंतर लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि आज का दिन आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए विशेष रूप से सुखद एवं उत्साहवर्धक है। मुख्यमंत्री द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ₹5 लाख प्रतिवर्ष तक कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ,जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी  ओ.आर. सिद्दीकी, अल्प संख्यक़ कल्याण अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।