बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिक से अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने तथा आमजन को इसके लाभों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेन्द्र कुमार झा, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह ने अपने अपने कार्यालय परिसरो से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूर क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों एवं विवादों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सरल समाधान कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। वाहन जनपद न्यायालय परिसर से परिवार न्यायालय, एमएसीटी कोर्ट, पुलिस कार्यालय, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, नगरपालिका सदर, जिला अस्पताल, पाल चौराहा, तहसील सदर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों से होते हुए ग्राम न्यायालय तिर्वा, तहसील तिर्वा तथा बाह्य न्यायालय छिबरामऊ एवं तहसील छिबरामऊ के विभिन्न गांवों एवं अन्य क्षेत्रों तक पहुंचेगा।
इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश-प्रथम/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रविन्द्र कुमार द्विवेदी, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक एवं न्यायालय के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेन्द्र सिंह तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विकास चंद्रा द्वारा भी प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत का संदेश जनपद की प्रत्येक तहसील, गांव और सुदूर क्षेत्र तक पहुंचाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रचार वाहन के साथ-साथ विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों के माध्यम से भी आमजन को लोक अदालत की उपयोगिता, प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी दी जा रही है। लोगों को बताया जा रहा है कि आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निस्तारण कर समय, श्रम एवं धन की बचत की जा सकती है तथा विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
अपर जनपद न्यायाधीश-प्रथम/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने बैठक कर 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि पात्र वादकारी इसका लाभ उठा सकें।
इसके अतिरिक्त एफएम रेडियो ‘वायस आफ कन्नौज’ के माध्यम से भी राष्ट्रीय लोक अदालत की आवश्यकता, उपयोगिता एवं लाभों के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जनपद के वादकारियों से अपील की गई कि वे अपने लंबित एवं समझौता योग्य मामलों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
