बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 12 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज जनपद न्यायालय के मीटिंग हॉल में महत्वपूर्ण प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने की।
बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों, लंबित वादों की स्थिति तथा अधिकाधिक मामलों के आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन की ओर से उपस्थित नोडल अधिकारी विजय कुमार मिश्र द्वारा कुल 1,41,143 प्रस्तावित वादों की अद्यतन सूची प्रस्तुत की गई। सूची के अवलोकन के उपरांत नोडल अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र एवं सुलह योग्य अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में चिन्हित कर प्रभावी ढंग से निस्तारित कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि लोक अदालत से संबंधित मामलों में पक्षकारों को समय से नोटिस की तामीली सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र पक्षकार सूचना के अभाव में न्याय प्राप्त करने के अवसर से वंचित न रह जाए। राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों को भी अपने स्तर से लंबित प्रकरणों की प्रभावी समीक्षा कर अधिकाधिक मामलों के निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल लंबित वादों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि सुलह, सहमति और सौहार्द के माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त मंच है। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समन्वित प्रयास करें, जिससे आमजन को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिले और उन्हें कम समय एवं कम व्यय में न्याय प्राप्त हो सके। बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण l पौमेला श्रीवास्तवा, प्रशासनिक विभाग के नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मगन सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
