बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वाराणसी से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि सशक्त और स्वस्थ समाज की नींव बेहतर पोषण से ही मजबूत होती है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोषण केवल भोजन तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता, सही खान-पान, प्रारंभिक बाल विकास एवं बेहतर देखभाल का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को जनभागीदारी से प्रभावी एवं परिणामपरक बनाया जाए तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितम्बर से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों एवं किशोरों में स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं उचित देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कहा कि 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत प्रधानमंत्री की मंशानुसार निर्धारित थीम पर आधारित गतिविधियों का दिवसवार आयोजन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ते हुए पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पोषण माह पांच प्रमुख थीम—आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत नगद हस्तांतरण पर केंद्रित रहेगा। अभियान के दौरान विभिन्न दिवसों पर जागरूकता, पोषण शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता एवं बाल विकास से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजित गतिविधियों की फीडिंग भारत सरकार द्वारा विकसित जन आंदोलन पोर्टल पर भी की जाएगी।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ओ.आर. सिद्दीकी सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, मुख्य सेविकाएं एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
