कन्नौज: उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर करें निस्तारण: सीडीओ 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज:(आवाज न्यूज ब्यूरो) । मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं, औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं तथा उद्योगों के विकास से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा अवगत कराया गया कि इत्र पार्क में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए यदि पांच उद्यमी अपनी सहमति प्रदान कर देते हैं, तो संबंधित गैस आपूर्ति एजेंसी द्वारा गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उद्यमियों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि इत्र पार्क में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सके और उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध हों।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में संचालित अवैध टेम्पो  स्टैण्डों को बंद कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही गुरसहायगंज क्षेत्र में दुकानों के सामने नालियों के निर्माण/व्यवस्थापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो सके और व्यापारिक क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुगम वातावरण बना रहे।

बैठक में बताया गया कि दिनांक 18 से 20 सितम्बर तक लखनऊ में फूड एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के इच्छुक उद्यमियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा व्यापक बाजार से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि  बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें और किसी अन्य कर्मचारी को प्रतिनिधि के रूप में भेजने की प्रवृत्ति से बचें। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की है, इसलिए अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर उद्यमियों की समस्याओं को समझें तथा उनके समाधान की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला उद्योग बंधु की बैठक को केवल औपचारिकता न मानते हुए इसे उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने का प्रभावी मंच बनाया जाए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद के उद्यमी उपस्थित रहे।