‘‘पीडीए ही एनडीए को हराएगा और अखिलेश के नेत्रत्व में बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार: दलजीत निषाद’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जैसे-जैसे मौसम की गर्मी कम होती जा रही है वैसे-वैसे चुनावी गर्मी बढ़ती जा रही है, 2027 के विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए प्रदेश के सत्ताधारी दल एवं प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं द्वारा गांव-गांव और गली-गली जन चैपाल एवं नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होना शुरू हो गया है, 2027 के विधानसभा चुनाव की आधिकारिक होनी घोषणा भले ही बाकी हो लेकिन जमीन पर चुनावी शंखनाद हो चुका है।
इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र कायमगंज में समाजवादी पार्टी द्वारा ग्राम पुरौरी, सिवारा रोड कंपिल एवं सिकंदरपुर में पीडीए जन पंचायतों का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता फतेहपुर जनपद के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य दलजीत निषाद मौजूद रहे। दलजीत निषाद ने कहा कि आज पूरा पीडीए समाज अपने हक, अधिकार और सम्मान बचाने की लड़ाई लड़ने को मजबूर है उसकी कोई सुनने वाला नहीं है, पूरे प्रदेश में शायद ही ऐसा कोई दिन जाता हो जिस दिन पीडीए समाज के किसी एक व्यक्ति की हत्या ना हो जाती हो। प्रदेश के किसी न किसी कोने पर हर रोज पीडीए समाज के लोग सत्ता के संरक्षण में पल रहे गुंडो की खुली गुंडई का शिकार हो रहे हैं। किसान की आय दोगुनी करने का वायदा करने वाले लोगों ने खाद की बोरी से किसान की खाद चोरी कर ली। आज फसल की उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा है, आलू का किसान कर्ज के तले दबा हुआ है और इस दंश में हर रोज किसान आत्महत्या कर रहा है, राम राज्य का दावा करने वाली इस निर्लज्य सरकार ने किसानों की आत्महत्या के आंकड़े तक जारी करने बंद कर दिए हैं। और उस संबंध में आरटीआई का जवाब देना भी बंद कर दिया है। प्रदेश का नौजवान आज रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है, शिक्षित नौजवान के लिए पेपर लीक एक अभिशाप बन चुका है। राम नाम का ढिंढोरा पीटने वाले लोगों ने भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के पावन धाम को भी नहीं छोड़ा। पीडीए समाज अब मायावी मारीच के असली स्वरूप को पहचान चुका है आने वाले समय में पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर इनकी कथनी और करनी में जो अंतर है उसके खिलाफ मतदान करेगा और अपने अपमान का बदला लेगा।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधायक अजीत कठेरिया ने कहा कि आज थाने और तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं, आज कोई कर्मचारी, अधिकारी किसी जनप्रतिनिधि की कोई बात सुनने को तैयार नहीं है, लेखपाल और पंचायत सचिवों ने हर गांव में अपने-अपने एजेंट बैठा रखे हैं छोटे से छोटे कामों के लिए गरीब और अशिक्षित लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। भ्रष्टाचार और गुंडई अपने चरम पर है, एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक अपराध दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। आने वाले समय में पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगा और अखिलेश यादव इस प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस मौके पर अजीत यादव,इलियास मंसूरी, बबलू कठेरिया, नाजिम कुरैशी, इंद्रेश यादव, रियासुद्दीन, डॉ0 मुन्नालाल बाथम, अनुराग बाथम, मानसिंह बाथम, रामभरोसे बाथम, भूपाल सिंह शाक्य, डॉ0 किशनपाल कश्यप, जहीर खान आदि सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
पीडीए की जन चैपाल में बोले पूर्व विधायक अजीत कठेरिया : भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं थाने और तहसील
