फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । पुलिस प्रशासन ने संदीप दुबे के दो प्लॉट कुर्क किए हैं। इन प्लॉट की कीमत 43.28 लाख रुपये है। ये प्लॉट बढ़पुर विकासनगर और गढ़ी अशरफ अली में स्थित हैं। विकासनगर वाला प्लॉट करीब दो साल पहले विश्व क्षत्रिय परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ छोटे ने खरीदा था। उन्होंने यह प्लॉट तब खरीदा था जब हाईकोर्ट ने संदीप दुबे पर गैंगस्टर की कार्रवाई रद्द कर दी थी। संदीप के भाई आशीष दुबे ने कहा है कि यह संपत्ति पुस्तैनी है।
मंगलवार शाम नायब तहसीलदार हरदीप सिंह, कानूनगो श्यामबाबू, लेखपाल प्रमोद शुक्ला और सर्वेयर विकास सिंह, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह के साथ विकासनगर बढ़पुर पहुंचे। उन्होंने संदीप दुबे की ओर से अक्टूबर 2024 को ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ छोटे के नाम बैनामा किए गए 22.04 लाख रुपये के प्लॉट को कुर्क किया। थानाध्यक्ष ने माइक से इस कार्रवाई की जानकारी दी। ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ छोटे ने थानाध्यक्ष से कहा कि उन्होंने यह जमीन तब खरीदी थी, जब हाईकोर्ट ने संदीप दुबे पर गैंगस्टर की कार्रवाई रद्द कर दी थी। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने संदीप पर दोबारा गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। यह संपत्ति उसी कार्रवाई के तहत कुर्क की जा रही है। इससे पहले राजस्व और पुलिस टीम ने गढ़ी अशरफ अली में संदीप के नाम का 21.26 लाख रुपये कीमत का प्लॉट भी कुर्क किया। दोनों जगहों पर बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। कुर्की के दौरान संदीप के भाई आशीष दुबे ने थानाध्यक्ष से कहा कि यह पूरी संपत्ति पैतृक है। उनके पिता की मौत के बाद यह उनके भाइयों के नाम आई थी। उन्होंने सवाल किया कि यह अपराध से कमाई हुई संपत्ति कैसे हो सकती है। थानाध्यक्ष ने आशीष दुबे से कहा कि वे यह बात जिला मजिस्ट्रेट के सामने सबूतों के साथ रखें। उन्होंने बताया कि उन्हें जो आदेश मिला है, वे उसका पालन कर रहे हैं।
संदीप दुबे के दो प्लॉट कुर्क: मऊ दरवाजा पुलिस ने की कार्यवाही
