पीड़ित परिवार से मारपीट में जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी निलंबित

फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जहानगंज क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा में नौ माह पूर्व हुए बालक हत्याकांड में खुलासा न होने पर मुख्यमंत्री से न्याय मांगने जा रहे पीड़ित परिवार को रोक दिया और विरोध करने पर मारपीट की। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनकर डेटा डिलीट कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बुधवार रात जहानगंज थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया।
गांव कोरीखेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष गुप्ता का 10 दिसंबर 2025 को अपहरण कर 14 दिसंबर को हत्या कर शव आलू के खेत में फेंक दिया था। मां पूनम गुप्ता ने 11 लोगों के खिलाफ जहानगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अभी तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी। तीन सितंबर को पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री की सभा थी। इससे पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने जा रहे थे। इसकी भनक लगते ही जहानगंज थाना पुलिस कोरीखेड़ा पहुंचकर पीड़ित परिवार को घर में ही घेर लिया। सभास्थल जाने से रोकने का जब बालक की ताई सुनीता गुप्ता ने विरोध किया तो थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसका वीडियो बनाने पर दो सिपाहियों ने बालक के भाइयों से मारपीट कर मोबाइल छीन लिए और मोबाइल का डेटा डिलीट कर दिया।
पीड़ित परिवार से मारपीट के वीडियो वायरल हो गए। इसके साथ बालक की बहन अंशिका गुप्ता व चाचा रामजीत 10 सितंबर को लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी। इससे पहले पीड़ित परिवार ने डीआईजी व अन्य आला अधिकारियों से घटना का खुलासा करने और थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसी मामले में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को निलंबित कर दिया।