टीएमसी का नाम और चुनाव चिन्ह फ्रीज करना ज्ञानेश कुमार की ओर से पीएम मोदी को जन्म दिन का तोहफा: कांग्रेस

‘‘टीएमसी सिंबल को लेकर ममता बनर्जी को मिला कांग्रेस का साथ’’
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) ।
कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस के नाम और सिंबल को फ्रीज करने के फैसले को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाते हुए कहा, ममता बनर्जी के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ लड़ने वालों को अब चुनाव आयोग की मदद से उनके खिलाफ बगावत करने और दलबदल का असंवैधानिक पाप करने की खुली छूट दी जा रही है।
वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, भाजपा द्वारा खुलेआम असंवैधानिक रूप से तृणमूल कांग्रेस के नाम और सिंबल पर कब्जा करने के बाद इसे फ्रीज करना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मोदी जी को जन्मदिन का तोहफा है। चुनाव आयोग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह भाजपा के हाथों की कठपुतली से ज्यादा कुछ नहीं है।
ममता बनर्जी को सिंबल वापस करने की मांग
उन्होंने आगे लिखा, शिवसेना, एनसीपी और अब टीएमसी के मामले में भी यही किया। जो भी भाजपा का विरोध करता है उसे करारा झटका लगता है और उसका पूरा चुनावी अस्तित्व ही छीन लिया जाता है। हम इस कदम की निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि चुनाव आयोग ममता बनर्जी जी को तुरंत सिंबल वापस दे।
चुनाव आयोग ने फ्रीज किया टीएमसी का सिंबल-नाम
चुनाव आयोग ने बुधवार को टीएमसी का सिंबल और नाम फ्रीज कर दिया है। ममता और ऋतब्रत दोनों पक्ष आगामी उपचुनाव में पार्टी का सिंबल और नाम इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से नया नाम और चुनाव चिन्ह मांगा है, दोनों गुटों से तीन-तीन विकल्प देने के लिए कहा गया है। चुनाव आयोग ने कहा, कल (18 सितंबर) दोनों ही गुट सुबह 11 बजे तक बताएं कि वह किस नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर आगे बढ़ाना चाहेंगे। इससे पहले दोनों गुटों के साथ सुनवाई में जहां ममता बनर्जी के पक्ष ने किसी भी अंतरिम आदेश का विरोध किया था। वहीं, ऋतब्रत गुट ने उपचुनाव से पहले चुनाव चिह्न के संबंध में जल्द फैसला लेने की मांग की थी।