पीडब्लूडी टीम ने किया स्थल निरीक्षण
बृजेश चतुर्वेदी
ठठिया।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । ठठिया-मानीमऊ-तिर्वा तिराहे पर अमर बलिदानी एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पीडब्लूडी अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का मौके पर पहुंचकर सर्वे पूरा कर लिया है तथा प्रतिमा स्थापना हेतु एनओसी जिला अधिकारी कार्यालय भेज दी गई है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने 9 जून 2025 को कन्नौज सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से ठठिया में चंद्रशेखर आजाद जी की प्रतिमा स्थापित कराने का निवेदन किया था। इस पर माननीय मंत्री जी द्वारा प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब पीडब्लूडी की ओर से स्थल निरीक्षण एवं सर्वे पूरा होने तथा एनओसी जिलाधिकारी कार्यालय भेजे जाने से प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
इस अवसर पर पीडब्लूडी निर्माण खंड के सहायक अभियंता नसीम अहमद, रमाशंकर एवं ओम प्रकाश तथा ठठिया निवासी हरिओम ओमर, रवीश चतुर्वेदी, टिल्लू चौहान, सौरभ कुशवाह, अंकुर कटियार सहित नगर के सम्मानित जन उपस्थित रहे।
