खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से ₹9.98-₹9.98 लाख की लागत से होंगे निर्माण
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने आज विकास खण्ड गुगरापुर के ग्राम अलीपुर जलेसर तथा विकास खण्ड कन्नौज की ग्राम पंचायत गदनपुर नरहा के मजरा कटरी दुर्जनापुर में कन्नौज खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से निर्मित होने वाले आधुनिक आंगनबाड़ी केन्द्रों का विधि-विधान एवं हवन-पूजन के साथ शिलान्यास किया। इस अवसर पर मा० राज्य मंत्री जी ने निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समयावधि में निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की मजबूत आधारशिला हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक एवं सुविधायुक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण होने से नौनिहालों को सुरक्षित, स्वच्छ, आनंददायी एवं बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। इन केन्द्रों के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को भी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ बेहतर ढंग से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि खनिज फाउंडेशन न्यास निधि का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। जिन क्षेत्रों से खनिज संपदा प्राप्त होती है, वहां के स्थानीय लोगों को उसका लाभ मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री जी द्वारा खनिज फाउंडेशन न्यास की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इस निधि का उपयोग जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रभावी ढंग से किया जाना चाहिए।
राज्य मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वीकृत प्राक्कलन एवं मानकों के अनुरूप ही निर्माण कराया जाए तथा प्रस्तावित सभी सुविधाओं को भवन में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि भवन का निर्माण बच्चों की आवश्यकताओं और उपयोगिता को ध्यान में रखकर किया जाए तथा जल निकासी एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को भी मजबूत एवं टिकाऊ बनाया जाए, ताकि भवन लंबे समय तक उपयोगी बना रहे।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण केवल एक भवन खड़ा करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह केन्द्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा का सशक्त केन्द्र बने। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने गांवों में तालाब जैसी अमूल्य प्राकृतिक धरोहरें हमें सौंपी हैं। इनका संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के आसपास पौधे लगाए और हरियाली को बढ़ावा दे। घर के बाहर हरियाली और फूलों की फुलवारी न केवल वातावरण को सुंदर बनाती है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करती है। उन्होंने कार्यालयों एवं ग्राम पंचायत परिसरों में भी अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण से स्थानीय बच्चों को पढ़ने, खेलने और नई चीजें सीखने के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में बाल विकास एवं पोषण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला खनन अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र के निर्माण की अनुमानित लागत ₹9.98 लाख निर्धारित की गई है। दोनों केन्द्रों का निर्माण वित्तीय वर्ष 2026-27 में कराया जाएगा। स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार भवन में बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए क्लास रूम, स्टोर रूम, किचन, बरामदा, शौचालय, बालमित्र शौचालय, हैंडवॉश सुविधा एवं रैम्प आदि की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि भवन को बच्चों के अनुकूल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्राविधान किए गए हैं। स्वच्छता एवं जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए दो सोकपिट एवं सबमर्सिबल पम्प, जबकि बेहतर अधोसंरचना के लिए वेरिफाइड टाइल्स, गुणवत्तापूर्ण दरवाजे-खिड़कियां, सोलर पैनल, एलईडी लाइट्स एवं आवश्यक फर्नीचर आदि की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इस प्रकार दोनों आंगनबाड़ी केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह, खण्ड विकास अधिकारी कन्नौज दिनेश चंद्र, तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
