नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने चुनाव आयोग के खिलाफ जेल भरो आंदोलन शुरू करने का ऐलान कर दिया है। दीपके ने कहा, आंदोलन की शुरुआत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर होगी। सीजेपी के जेल भरो आंदोलन को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने समर्थन दे दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देगी। दीपके ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग का मौजूदा कामकाज देश के हित में नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उनका कहना है कि देश में बदलाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। दीपके ने चुनावों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कथित दुरुपयोग को लेकर एनसीपी एसपी प्रमुख शरद पवार की चिंताओं का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए सभी दलों और लोगों को एक साथ आना चाहिए। यह ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का विरोध जारी है।
4 अक्टूबर को राज-उद्धव ठाकरे का विरोध मार्च
इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दोनों नेताओं ने 4 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया। राज ठाकरे के मुताबिक, यह मार्च भायखला से बीएमसी मुख्यालय तक जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इसमें शामिल होने की अपील की। राज ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी कई वर्षों से ईवीएम और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
कॉकरोच जनता पार्टी का 2 अक्टूबर से जेल भरो आन्दोलन का ऐलान
