बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में तेराजाकेट स्थित पाइका मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कुल 91 जोड़ों का विवाह वैदिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 83 हिंदू एवं 8 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी नवदंपतियों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर सुखमय भविष्य की नई शुरुआत की।
कार्यक्रम में छिबरामऊ तहसील के 75, नगर पालिका गुरसहायगंज के 8, नगर पंचायत तालग्राम के 2, नगर पंचायत समधन के 4 तथा नगर पंचायत सिकंदरपुर के 2 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। समारोह मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने के साथ ही सामाजिक समानता, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करती है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र जोड़े के विवाह पर कुल 1,00,000 रुपये की धनराशि निर्धारित है। इसमें 64,000 रुपये कन्या के बैंक खाते में, 21,000 रुपये की उपहार सामग्री तथा शेष 15,000 रुपये विवाह की व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
नवदंपतियों को उपहार सामग्री के रूप में यथा-वर-वधू हेतु वस्त्र, स्टील डिनरसेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूलर, आयरन प्रेस, गद्दे एवं तोलिया सहित आवश्यक घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई, जिससे नवविवाहित जोड़े अपने नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत आवश्यक सुविधाओं के साथ कर सकें।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करने के साथ ही विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहायक सिद्ध हो रही है। यह पहल समाज में जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है।
