कन्नौज: विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम घोषित

 12 नवंबर को प्रकाशित होगा आलेख्य मतदाता सूची

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण -2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा पात्र नागरिकों को मताधिकार के दायरे में लाना है।

इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर नए एवं युवा मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

निर्धारित कार्यक्रम के प्रमुख चरण

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन 02 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।

बीएलए की सक्रिय भागीदारी पर जोर

बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। अवगत कराया गया कि एक बीएलए एक बार में अधिकतम 10 फार्म तथा संपूर्ण पुनरीक्षण अवधि के दौरान अपनी घोषणा के साथ अधिकतम 30 फार्म संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर को उपलब्ध करा सकता है।

इसके अतिरिक्त, बाढ़ अथवा अत्यधिक वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मतदान केंद्रों के संबंध में प्रस्ताव संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

विशेष अभियान दिवसों पर प्राप्त होंगे दावे एवं आपत्तियां

मतदाता सूची पुनरीक्षण के अंतर्गत विशेष अभियान दिवसों पर 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की, जिससे कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाये।