विधान परिषद चुनाव के लिए 30 माइक्रो प्रेक्षक तैनात: निष्पक्ष मतदान के निर्देश

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक डॉ. हीरालाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में माइक्रो प्रेक्षकों की बैठक हुई। बैठक में प्रेक्षक ने बताया कि जनपद के निर्धारित मतदान स्थलों पर निगरानी के लिए 30 माइक्रो प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने सभी माइक्रो प्रेक्षकों को मतदान के दौरान सतर्क रहने, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कराने और किसी भी अनियमितता पर नजर रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी माइक्रो प्रेक्षक निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार मतदान प्रक्रिया का अवलोकन एवं सत्यापन करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद अपनी आख्या प्रस्तुत करेंगे। निर्वाचन संबंधी किसी भी महत्वपूर्ण तथ्य को नियमानुसार प्रेक्षक के संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और लापरवाही से बचने की हिदायत दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।