नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । दिल्ली में प्रदर्शनों को लेकर बढ़ती पाबंदियों के बीच कांग्रेस को राजधानी में शक्ति प्रदर्शन का मौका मिल गया है। दिल्ली पुलिस ने पार्टी को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए बुक रहेगा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव जारी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस ने सबसे पहले दिल्ली नगर निगम से रामलीला मैदान की उपलब्धता के बारे में जानकारी मांगी थी। निगम ने बताया कि मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध है। इसके बाद पार्टी ने पुलिस से संपर्क कर रैली के आयोजन की अनुमति मांगी। सेंट्रल दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि कांग्रेस के साथ बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के बाद एनओसी जारी किया गया। अब पार्टी को यह प्रमाणपत्र एमसीडी के पास जमा कराना होगा। इसके बाद आयोजन से जुड़ी तैयारियां आगे बढ़ाई जा सकेंगी। रामलीला मैदान का स्वामित्व एमसीडी के पास है।
जंतर-मंतर के विकल्प के तौर पर तय किए गए तीन मैदान
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के आयोजन को लेकर नियमों में सख्ती के बीच पुलिस ने तीन वैकल्पिक स्थलों की पहचान की है। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने के इच्छुक अन्य संगठनों और व्यक्तियों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेनी होगी। ऐसे में रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को मिली मंजूरी राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए उपलब्ध स्थानों के संदर्भ में अहम मानी जा रही है।
एसआईआर को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव
कांग्रेस की प्रस्तावित रैली का समय राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं और इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग उठा रहे हैं। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है। पिछले कुछ हफ्तों में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों ने दिल्ली में इस मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन किए हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने भी कार्रवाई की है। सेंट्रल दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी। कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रही है। पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं।
बडी खबर: दिल्ली में कांग्रेस की रैली का रास्ता साफ, रामलीला मैदान के लिए पुलिस से मिली मंजूरी
