कन्नौज : सिडको के अवर अभियंता पर भ्रष्टाचार और अवैध उगाही की एफआईआर

पीएम श्री विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से मांगी थी ₹20,000 की रिश्वत, ऑडियो और वॉट्सऐप चैट से हुई पुष्टि

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिले में यूपी सिडको द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और अवैध उगाही करने के आरोप में अवर अभियन्ता कमल बाबू के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

डिजिटल साक्ष्यों से हुई पुष्टि

सुर्खियों में आई भ्रष्टाचार की खबरों का संज्ञान लेते हुए प्रभारी कार्मिक प्रबन्धक मनोज मिश्रा के निर्देश पर मामले की जांच की गई थी। जांच के दौरान अवर अभियन्ता कमल बाबू की वॉट्सऐप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और वॉइस कॉल के डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया गया, जिससे रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि हुई।

प्रधानाध्यापिका पर बनाया था दबाव

जांच में यह बात साबित हुई है कि अवर अभियन्ता कमल बाबू ने पीएम श्री विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से निर्माण कार्य व विभागीय सत्यापन के एवज में ₹20,000 की रिश्वत की मांग की थी और इसके लिए लगातार दबाव बना रहे थे।

सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज

लोक सेवक के पद का दुरुपयोग, रिश्वतखोरी और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में आरोपी अवर अभियन्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रभारी सहायक अभियन्ता शिवानन्द दुबे की तहरीर पर दर्ज इस मामले की विवेचना निरीक्षक सुरजीत सिंह को सौंपी गई है।