निर्वाचन के लिए कलेक्ट्रेट से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत आज कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित कार्मिकों को उनके निर्धारित मतदान स्थलों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद कन्नौज में आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुल 08 मतदान स्थल निर्धारित हैं, जिन पर कुल 1,820 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,388 पुरुष एवं 432 महिला मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जनपद में कुल 12 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 7,831 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5,445 पुरुष एवं 2,386 महिला मतदाता शामिल हैं।
इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जनपद में कुल 20 मतदान स्थलों पर 9,651 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का मतदान कल दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक सम्पन्न होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के दौरान निर्धारित निर्वाचन नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए।
