लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान विभिन्न दलों से आए नेताओं का स्वागत किया। पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी, कुशाग्र शाक्य, विनोद शाक्य और बसपा से जुड़े राम बहादुर पाल समेत कई नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।
अखिलेश यादव ने कहा कि नई जॉइनिंग से पूरब से पश्चिम तक राजनीतिक हलचल हुई है। उन्होंने नए साथियों को पीडीए का पिलर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में जीत बड़ी होने जा रही है। दारा सिंह प्रजापति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “जिनके साथ दारा होंगे, अखाड़ा वही जीतेंगे।” उन्होंने राम नाम का जिक्र करते हुए कहा, “जिनके नाम में राम जुड़ा हो, उनके बन जाएंगे सब काम।”
बदायूं में सपा को मजबूती मिलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि कुशाग्र सागर के आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिली है। वहीं, विनोद शाक्य की बदायूं के दातागंज और आसपास के क्षेत्रों में समाज को जोड़ने में भूमिका रही है। सपा नेतृत्व ने इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने को संगठन के विस्तार से जोड़कर देखा।
दारा सिंह प्रजापति बोले- सपा के लिए काम करने आया हूं
बसपा से आए दारा सिंह प्रजापति ने कहा कि वह कुछ लेने नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के लिए काम करने आए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा कांशीराम के विचारों पर चल रही है।
शिवपाल और सलीम शेरवानी ने भी जताया भरोसा
सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी में लगातार नेता और लोग शामिल होते रहेंगे। उन्होंने सरकार पर देश को तोड़ने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। शिवपाल ने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि उन्हें निराश नहीं होने दिया जाएगा। पूर्व सांसद सलीम शेरवानी ने बदायूं की सभी सीटों पर सपा की जीत का दावा किया। प्रेसवार्ता में अमेरिका से आईं शमीना प्रवीन ने कहा कि वह चाहती हैं कि दूसरे देश भारत को विश्व गुरु के रूप में मानें।
सपा में शामिल होने वालों का सिलसिला जारी: पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी समेत कई नेता हुई सपाई
