राहुल गांधी ने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली चलो मार्च में शामिल होने की अपील: पुलिस की लाठियों से डरो मत, ये हिंदुस्तान का मार्च

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों से 1 नवंबर को श्दिल्ली चलो मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा- पुलिस और लाठियों से डरने की जरूरत नहीं है। बीजेपी सरकार में ऐसी कोई भी हरकत करने की हिम्मत नहीं है।
दरअसल, राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष कथित वोट चोरी, एसआईआर में गड़बड़ी के आरोपों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इन्हीं मांगों के चलते 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन ने मार्च बुलाया है। इससे पहले अक्टूबर में भी राहुल गांधी और विपक्ष ने दिल्ली में कई जगहों पर धरना प्रदर्शन किया था।
ये किसी एक पार्टी का मार्च नहीं- राहुल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- नमस्कार, चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं- यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है। सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं। सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए। एक ही प्रोटेस्ट है – देश का प्रोटेस्ट है। उन्होंने आगे लिखा- पुलिस की चिंता मत करो, लाठियों की चिंता मत करो। बीजेपी में ऐसी कोई भी हरकत करने की हिम्मत नहीं है। आइए और हमारे साथ मार्च कीजिए। हम संविधान और देश की रक्षा के लिए एक साथ चलेंगे। घबराने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने सभी स्टूडेंट्स ग्रुप्स से भी अपील की। राहुल गांधी ने लिखा- मैं सभी स्टूडेंट्स ग्रुप्स से अपील करता हूं, चाहे आपकी राजनीतिक विचारधारा कुछ भी हो – यदि आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, यदि आपको लगता है कि आप पर हमला हो रहा है, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचार, आपकी सोचने का तरीका खतरे में है, तो आइए और हमसे जुड़िए। यह एक अच्छा मार्च होगा और यह देश की आत्मा के लिए है। आप लोगों से मिलने के लिए उत्सुक हूं।