लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । प्रख्यात ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026 में अपनी पत्नी की किस्मत का फैसला नहीं कर सके। लखनऊ स्नातक सीट से प्रत्याशी रहीं ज्योतिषाचार्य की पत्नी स्मिता मिश्रा बुरी तरह से हारीं, उनको 300 वोट मिले। हार के बाद स्मिता मिश्रा ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है, अब वो विधान सभा चुनाव 2027 में लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
लखनऊ से उत्तर प्रदेश विधान परिषद की लखनऊ स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की कांति सिंह ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। कांति सिंह ने विधान परिषद में अपनी सीट बचाने उतरे भाजपा के अवनीश सिंह पटेल को पराजित किया। इसी सीट पर जाने-माने ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी स्मिता मिश्रा भी किस्मत आजमा रही थीं। स्मिता मिश्रा को 300 वोट भी नहीं हासिल हो पाए। स्मिता मिश्रा लखनऊ खंड स्नातक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार थीं।
उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों ने ऑनलाइन करीब 22 हजार फॉर्म जमा किए थे। वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से 100 से ज्यादा शिकायतें की गईं, लेकिन किसी का जवाब नहीं आया। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को वोट नहीं देने दिया गया। स्मिता मिश्रा ने कहा कि एसडीएम ने कहा कि बूथ के अंदर एजेंट का बैठना अलाऊ नहीं है। उन्होंने कहा कुछ वोट के बदले नोट भी बांटा गया है।
कौन हैं स्मिता मिश्रा
स्मिता मिश्रा का घर बाराबंकी के इकरा गांव में हैं। उनका मायका उन्नाव में कुरारी है। उनकी दो बेटियां हैं और एक बेटा है। दोनों ही बेटियां कनाडा में शिफ्ट हो गई हैं। उनके पिता रामसुंदर शुक्ला पुलिस अधिकारी थे। उनके दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे और सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी थे।
दूसरों का भाग्य बताने वाले ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा नहीं भांप सके अपनी पत्नी का भविष्य: हार गईं एमएलसी चुनाव
