महेश वर्मा
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा श्री मोहम्मद रिजवान (पुत्र स्व० गुलाम मेंहदी, निवासी- मोहल्ला गोदाम, कस्बा शमसाबाद, तहसील कायमगंज, जनपद- फर्रुखाबाद) को जनपद फर्रुखाबाद स्थित वक्फ वली खाँ (पंजीयन सं० 1-155-167) से संबंधित कार्यों के संचालन हेतु अग्रिम आदेशों तक अधिकृत किया गया है।
बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा जारी पत्र (पत्रांक सं० 392, दिनांक 04-05-2026) के अनुसार, श्री जमशेद अब्बास की तौलियत अवधि समाप्त हो चुकी है और माननीय वक्फ न्यायाधिकरण लखनऊ के निर्देशों के विपरीत कार्य किए जाने के कारण वक्फ संपत्ति को भारी क्षति पहुँचने की आशंका जताई गई थी। इस परिस्थिति को देखते हुए माननीय अध्यक्ष महोदय के आदेश दिनांक 04.05.2026 के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है कि जब तक वक्फ में मुतवल्ली की नियुक्ति से संबंधित प्रकरण का अंतिम निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक श्री मोहम्मद रिजवान वक्फ हित में समस्त कार्य, उनकी सुरक्षा तथा वादों की पैरवी आदि की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही, यदि उक्त वक्फ सेन्ट्रल उम्मीद पोर्टल 2025 पर अपलोड नहीं है, तो उसे तत्काल अपलोड कराकर बोर्ड को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी/अपर वक्फ आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी/सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ, फर्रुखाबाद को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।
शमशाबाद में भी चलने वाला है बुलडोजर! वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण के दिए गए आदेश
शमशाबाद में जल्द ही अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की कार्रवाई देखने को मिल सकती है। उत्तर प्रदेश शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड, लखनऊ ने फर्रुखाबाद के शमशाबाद में स्थित वक्फ संपत्ति पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं। उ०प्र० शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जीशान रिजवी द्वारा ज़िलाधिकारी व अपर सर्वे आयुक्त वक्फ (फर्रुखाबाद) को भेजे गए पत्र के अनुसार, शमशाबाद के बाजार मण्डी (लकड़ी मार्केट) स्थित वक्फ नवाब मो० वली खां (पंजीयन सं० 1-155-167) की संपत्ति पर अवैध कब्जा और निर्माण किया गया है।
शिकायत के अनुसार, मो० आमिर अंसारी पुत्र आमिर अंसारी द्वारा बोर्ड की अनुमति के बिना उक्त वक्फ संपत्ति पर अवैध रूप से दुकान का निर्माण करवाकर लिन्टर डाल लिया गया है और शटर लगा लिया गया है। बोर्ड का कहना है कि इस अवैध निर्माण के कारण वक्फ को भारी वित्तीय हानि उठानी पड़ी है और इस अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण किया जाना आवश्यक है। इस मामले में शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड ने ज़िलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वह नियमानुसार संबंधित अधिकारियों को इस अवैध निर्माण को ढहाने के लिए निर्देशित करें, जिससे वक्फ संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा पुलिस अधीक्षक (फर्रुखाबाद), जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, तथा अधिशासी अधिकारी (नगर पंचायत, शमशाबाद) को भी प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने और स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड के इस सख्त रुख के बाद अब शमशाबाद क्षेत्र में प्रशासन द्वारा बुलडोजर की कार्रवाई किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
मोहम्मद रिजवान वक्फ वली खाँ के कार्यवाहक मुतवल्ली नियुक्त : उ०प्र० शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड का आदेश
