बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर मीटर रीडरों ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । बिजली विभाग में आउटसोर्स व्यवस्था के तहत कार्यरत मीटर रीडरों ने शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल किए जाने और बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग की। मीटर रीडरों ने बताया कि वे पिछले 10 से 20 वर्षों से मीटर रीडिंग, घर-घर बिजली बिल पहुंचाने और राजस्व वसूली का कार्य कर रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसके बावजूद उन्हें विभिन्न आउटसोर्स कंपनियों के अधीन काम करना पड़ रहा है। इससे वेतन कटौती, भुगतान में देरी और रोजगार की सुरक्षा जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने मांग की कि अन्य आउटसोर्स कर्मचारियों की तरह मीटर रीडरों को भी आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल किया जाए। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता को दिए दूसरे प्रार्थना पत्र में बताया कि सितंबर 2026 का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जबकि अक्टूबर की बिलिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है। नवंबर में दीपावली का त्योहार होने के चलते उन्होंने त्योहार से पहले बकाया वेतन दिलाने की मांग की। इस दौरान आशीष कुमार, सुधीर राजपूत, अखिलेश कुमार, अंकित कुमार, अमित, विजय, देवेंद्र, चांद मियां, अमन, शिव त्रिवेदी और विनय कुमार सहित अन्य मीटर रीडर मौजूद रहे।