लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है। प्रदेश में अब लड़ाई 80-20 की नहीं है बल्कि 95-05 की है। भाजपा का पता भी नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। हाथरस कांड के बाद घटनाएं रुकी नहीं हैं बल्कि महिलाओं के खिलाफ एक से बढ़कर एक दर्दनाक घटनाएं हो रही हैं। सपा सरकार ने सबसे बेहतरीन पुलिस रिस्पांस सिस्टम दिया था वो भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव बुधवार को सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबसे शर्मनाक पक्ष तो ये है कि यूपी पुलिस से भरोसा उठ गया है। कई बार सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट टिप्पणी कर चुके हैं कि क्या यूपी पुलिस को भंग कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का अब तक का सबसे भ्रष्ट फैसला था।
बैंकों को डुबोने के लिए की गई थी नोटबंदी
अखिलेश यादव ने कहा, श्हमारे यहां बैंकों को डुबाने के लिए नोटबंदी कर दी गई। दुनिया के आर्थिक इतिहास में इतना भ्रष्ट फैसला कोई नहीं होगा जो भाजपा ने लिया। सच्चाई तो यह है कि भाजपा का यह फैसला भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुआ। नोटबंदी के समय जितने भी दिखावटी लक्ष्य रखा गया, अगर हम पीछे मुड़कर देखें तो एक भी पूरा नहीं हुआ। नोटबंदी का असर क्या हुआ? उसने धीमी जहर के रूप में काम किया। 10 साल में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, पेशेवर लोग, नौकरी पेशा लोग, छोटे दुकानदार-व्यापारी… सभी उसके शिकार हुए और अभी भी वो सही से उभर नहीं पाए हैं। इसलिए नोटबंदी भाजपा की वोटबंदी का कारण बनी थी।
26 हजार स्कूल बंद हुए, हर जगह तीन नौकरियां खत्म हुईं
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। इसके साथ ही हर स्कूल में तीन नौकरियां भी खत्म हो गई हैं। भाजपा सरकार ने निवेश के बड़े-बड़े दावे किए पर कौन सा प्रोजेक्ट जमीन पर उतरा और कितने लोगों को रोजगार मिला? प्रदेश के मंत्री विदेश घूमने गए पर निवेश जमीन पर नहीं उतरा। प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में बेईमानी से एमएलसी चुनाव तो जीत लिया पर काशी में डुबो दिया।
पीडीए मतलब पहले दर्शन फिर आशीर्वाद
अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के सवाल पर कहा कि हम तो केदारेश्वर जाएंगे और वृंदावन भी जाएंगे। हमारे लिए पीडीए का मतलब पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि हमारे घर में पहले से ही शिव और रामगोपाल हैं। हम सब जगह जाएंगे।
यूपी में लड़ाई 80-20 की नहीं 95-05 की है: भाजपा का पता भी नहीं चलेगा: अखिलेश
