बंदूक, तमंचा और 37 कारतूस बरामद, पुलिस ने दोनों को जेल भेजा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को दो और गिरफ्तारियां कीं। दिवाली की शाम अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित और उनकी 18 साल की बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित निवासी मोहल्ला इब्राहिमगंज को पश्चिमी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया।
कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से एक लाइसेंसी बंदूक, 12 बोर के 12 कारतूस, 315 बोर का एक तमंचा, पांच कारतूस और 7.65 एमएम के 20 कारतूस बरामद किए गए।
विवेचना में बेटी का नाम भी आया
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड की विवेचना के दौरान अमोल दीक्षित की 18 वर्षीय बेटी की भूमिका सामने आने पर उसे भी आरोपी बनाया गया। पुलिस ने उसे इब्राहिमगंज में जीटी रोड के पास से गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
