कन्नौज: डीएम- एसपी ने थाना सकरावा में सुनी फरियादियों की शिकायतें 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त उपस्थिति में थाना सकरावा में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने उपस्थित फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त प्रकरण हों, वहां दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करें, जिससे पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों एवं थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जाए तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की प्रभावी समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।