बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार रात करीब 8:30 बजे छिबरामऊ पहुंचे। यहां उन्होंने दीपावली के दिन गोली खाकर मरने वाले अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पार्टी भी पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद कर रही है।
बोले- अपराध करने वालों को मिलती है सजा
प्रदेश में लगातार हो रही हत्याओं और कानून व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं आकस्मिक होती रहती हैं।
योगी सरकार अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के हालात क्या थे, यह किसी से छिपा नहीं है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाता। गुंडे और माफिया जेल में हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार और संगठन दोनों गंभीर हैं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छिबरामऊ के बाद वह कन्नौज पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने रविवार को घूमन्तू सम्मेलन मे भाग लिया।

