कन्नौज:  मतदाता सूची में  महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए  आयोजित हुआ सास-बहू सम्मेलन

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशानुसार आज तहसील सदर सभागार में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ महिला मतदाताओं की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा शिकायत निस्तारण की व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच संबंधित अधिकारियों एवं सहायता केंद्रों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मतदाता सूची में महिलाओं की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय से पात्र महिलाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। सम्मेलन के दौरान मौके पर ही फार्म-6 के 20 आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त उपस्थित सभी प्रतिभागियों से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य भी कराया गया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ओ.आर. सिद्दीकी, तहसीलदार सदर राघवेंद्र पाण्डेय, बाल विकास परियोजना अधिकारी जलालाबाद शेषमणि यादव, कन्नौज ग्रामीण एवं कन्नौज नगर तथा वन स्टॉप सेंटर की केंद्र संयोजक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में आगामी 19 नवम्बर को तहसील तिर्वा, कन्नौज में भी सास-बहू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।