बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आगामी चुनावों को लेकर आमजन को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जिले में ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत कराई है। इसके तहत कलेक्ट्रेट परिसर में डमी पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं, जहां आम नागरिक खुद ईवीएम का इस्तेमाल कर डमी वोट डालने का अभ्यास कर सकते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए डमी पोलिंग बूथ से हुई। यहां पहुंचने वाले लोगों को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। इसके लिए डमी वोटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग वास्तविक मतदान की तरह मशीन का बटन दबाकर वोट डालने का अनुभव प्राप्त कर सकें। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों की शंकाएं दूर करना और उन्हें ईवीएम के इस्तेमाल से परिचित कराना है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू किया गया यह जागरूकता कार्यक्रम चुनाव की तारीख घोषित होने तक संचालित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में बनाए गए डमी बूथ पर कोई भी आम नागरिक कार्यालय अवधि के दौरान पहुंचकर ईवीएम के माध्यम से डमी वोट डाल सकता है और मतदान की प्रक्रिया को समझ सकता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान को जिले के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके तहत कन्नौज, छिबरामऊ और तिर्वा तीनों तहसीलों में भी तहसीलवार ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ ही चुनाव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए जागरूक किया जाएगा।

