नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने इस खतरे को पहले ही भांप लिया था और अपनी मां सोनिया गांधी को चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार के लिए विदेश से भारत लौटना पड़ सकता है। आखिरकार मई 1991 में उनकी यह आशंका सच साबित हुई।
राहुल गांधी ने बातचीत में किया बड़ा खुलासा
राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक वीडियो बातचीत में यह दावा किया। इस दौरान तीनों ‘बीलोंगिंब’ नाम की किताब पर चर्चा कर रहे थे। राहुल ने बातचीत में कहा कि राजीव गांधी की सुरक्षा इस तरह हटा दी गई थी, जिससे उनकी हत्या का रास्ता आसान हो गया। गौरतलब है कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री बने थे। प्रधानमंत्री रहते हुए उनकी सुरक्षा बेहद कड़ी रहती थी और वह कई बार बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते थे। हालांकि, 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद से हट गए। उस समय उनके सुरक्षा घेरे को लेकर भी राजनीतिक बहस हुई थी। विपक्षी गठबंधन का आरोप था कि प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी आम लोगों से दूर हो गए थे और उनकी सुरक्षा व्यवस्था जरूरत से ज्यादा सख्त थी।
राजीव गांधी ने भी सुरक्षा को लेकर जताई थी चिंता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 मई 1991 को बिहार में एक चुनावी रैली के दौरान राजीव गांधी ने अपनी सुरक्षा और आम लोगों के बीच पहुंचने को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि 1984 में कांग्रेस महासचिव रहते हुए वह इसी तरह चुनाव प्रचार किया करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पूरी तरह व्यवस्था के दायरे में बंध गए थे। उन्होंने यह भी माना था कि खतरा अभी भी बरकरार है और कम नहीं हुआ है। हालांकि, उनके सामने चुनाव प्रचार करने और अपनी सुरक्षा पर ध्यान देने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती थी।
21 मई 1991 को आत्मघाती हमले में हुई थी हत्या
21 मई 1991 को राजीव गांधी तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला फूलों की माला लेकर उनके पास आई। जैसे ही वह उनके सामने झुकी, जोरदार विस्फोट हुआ। इस आत्मघाती हमले में राजीव गांधी समेत कई लोगों की मौत हो गई थी। हत्या के समय उनकी उम्र महज 46 साल थी।
सोनिया गांधी ने भी बिहार दौरे की घटना को किया याद
वीडियो बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने बिहार दौरे से जुड़ी एक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि श्रीपेरंबदूर जाने से कुछ समय पहले राहुल गांधी अपने पिता के साथ बिहार गए थे। उस दौरान राजीव गांधी पर पत्थर फेंके गए थे और यह अनुभव परिवार के लिए बेहद डरावना था। सोनिया गांधी के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और एक खुली जीप में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ की ओर से उन पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोई नेता ऐसे राज्य में जाता है, जहां विपक्षी दल की सरकार हो, तो कई बार उसकी सुरक्षा को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता। राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजीव गांधी की हत्या से पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों और उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।
पिता राजीव गांधी की हत्या के लिए हटाई गई थी सुरक्षा, सोनिया गांधी को पहले ही दी थी चेतावनी : राहुल गांधी

