लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । सपा नेता आजम खां ने जेल से बाहर निकलते ही एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। वे सपा की खास रणनीति के तहत विधानसभा चुनाव तक ओवैसी के हर दांव का काट करेंगे। यही वजह है कि दोनों मुस्लिम नेताओं के बीच जुबानी टक्कर मीडिया की सुर्खियां बनी हुई हैं।
हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा हुए आजम खां ने एक इंटरव्यू में ओवैसी की उत्तर प्रदेश में बढ़ती चुनावी महत्वाकांक्षाओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ ओवैसी के गठबंधन पर भी टिप्पणी की। आजम खां ने बाहरी लोगों को उत्तर प्रदेश के मामलों में दखल न देने की चेतावनी दी। आजम खां ने ओवैसी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे पहले तेलंगाना में अपनी चार सीटों को पांच करें। उन्होंने ओवैसी को अपने गृह राज्य में किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने की चुनौती दी। आजम खान ने तंज कसते हुए कहा कि सीमित सीटों पर लड़ने वाले नेता उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। तेलंगाना विधानसभा चुनावों में एआईएमआईएम आमतौर पर 8 से 9 सीटों पर चुनाव लड़ती है। 2023 में उसने 9 सीटें लड़ीं और सात सीटें जीतीं, जबकि 2018 में भी 7 सीटों पर जीत मिली थी।
असदुद्दीन ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। उनका कहना है कि मुसलमानों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। ओवैसी ने अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा के नारे के साथ मुसलमानों के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की वकालत की है। ओवैसी ने कहा कि सपा सरकार में हुए काम के लिए आजम को ही निशाना बनाया गया।
जवाब में आजम खां ने कहा कि अगर ओवैसी को उनसे इतनी ही सहानुभूति होती तो उनके घर पर हालचाल पूछने आए होते। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश की सियासत स्थानीय नेतृत्व से तय होगी, बाहरी हस्तक्षेप से नहीं। एक पॉडकास्ट में आजम खां ने ओवैसी को किसी और के इशारे पर काम करने वाला बताया था। साथ ही कहा कि अल्लाह का ही एक नाम है अब्दुल , इसलिए इस नाम के साथ ऐसा बयान देना उचित नहीं।
प्रतीकों की लड़ाई और वकालतनामे पर तंज
यह टकराव अब बयानों और सोशल मीडिया से आगे बढ़कर प्रतीकों की लड़ाई में बदल गया है। आजम खां ने कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी नहीं, बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। इसके जवाब में इटावा में एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम इलाकों में हैदराबादी बिरयानी बंटवाकर विरोध दर्ज कराया। वहीं, आजम खां ने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपने मुकदमों में बैरिस्टर साहब के एक वकालतनामे के लिए तरसते रहे। आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के बरी होने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने अकबरुद्दीन के बयान ‘‘15 मिनट के लिए पुलिस हटा लो’’ का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयान देने वाले लोग बरी हो जाते हैं, जबकि तनखैय्या कहने पर मेरी सदस्यता चली जाती है।
ओवैसी के खिलाफ सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने संभाला मोर्चा : चुनाव करीब आने पर होगी तीखी जुबानी जंग

