डीजी पीएसी आलोक सिंह होंगे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  प्रदेश शासन ने पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कार्मिक अनुभाग-4 के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई।
23 जनवरी 2029 तक रहेगा कार्यकाल
आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के खंड (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है। आलोक सिंह का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से 23 जनवरी, 2029 तक रहेगा।
राजकीय गजट में प्रकाशन के निर्देश
शासन की ओर से इस नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि महालेखाकार (प्रयागराज), राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी, आयोग के सचिव और कोषाधिकारी प्रयागराज को भेज दी गई है। इसके साथ ही निदेशक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री को इस विज्ञप्ति को राजकीय गजट में प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानिए आलोक सिंह का बैकग्राउंड
डीजी (डायरेक्टर जनरल) – पीएसी मुख्यालय और एसएसएफ: 1 मई 2026 को डीजी पद पर पदोन्नत होने के बाद 21 मई 2026 से पीएसी मुख्यालय और एसएसएफ के डीजी पद पर तैनात रहे।
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), कानपुर जोन: पहले कानपुर जोन के एडीजी के रूप में सेवाएं दीं।
पुलिस आयुक्त, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा): गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के पहले पुलिस आयुक्त रहे।
सुरक्षा निदेशक, एयर इंडिया लिमिटेड: एयर इंडिया लिमिटेड में सुरक्षा निदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।