यूपीपीएससी एपीओ परीक्षा रद्द, योगी सरकार को झटका: अखिलेश बोले- आरक्षण विरोधी बीजेपी बेनकाब

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 25 नवंबर को एपीओ प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम निरस्त कर दिया। जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने और संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश दिया है।
बीजेपी का आरक्षण विरोधी चेहरा क्यों
अदालत ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित यानी ओपन कैटेगरी केवल सामान्य वर्ग के कैंडिडेट्स के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के कैंजिडेट मेरिट के आधार पर स्थान पाने के पात्र हैं। मामले में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के हलफनामे से सामने आया था कि 321 ओबीसी और 43 एससी कैंडिडेट्स ने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित कैंडिडेट से अधिक अंक हासिल किए थे। इसके बावजूद उन्हें अपनी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया था।
हाईकोर्ट ने यूपी लोकसेवा आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय मेमोरेंडम को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत आरक्षित वर्ग के मेरिटोरियस कैंडिडेट्स को अनारक्षित श्रेणी में शामिल करने का लाभ केवल अंतिम चयन के चरण में देने की व्यवस्था थी। अदालत ने कहा कि भर्ती के हर चरण में ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के लिए खुली रहनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के किसी कैंडिडेट को केवल उसकी जातिगत श्रेणी के आधार पर अनारक्षित सूची से बाहर करना समानता के संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ है। इलाहाबाद हाईकोर्ट का यह फैसला यूपी की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बड़ा झटका है। इससे सरकार का आरक्षण विरोधी रुख भी सामने आ गया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा निरस्त किए जाने पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आरक्षण के नियमों की अनदेखी की गई और युवाओं को नौकरी देने के बजाय भर्ती प्रक्रिया को विवादों में उलझाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुरुवार 26 नवंबर को अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सच्चे न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी होता है। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले को आरक्षण की हक़मारी रोकने वाला कदम बताते हुए कहा कि अदालत ने भाजपा के आरक्षण विरोधी चेहरे से नकाब हटाकर उसका सच सामने ला दिया है।
‘भाजपा सरकार में रद्द हुई 22 वीं परीक्षा’
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में रद्द होने वाली यह 22 वीं परीक्षा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जानती थी कि एपीओ भर्ती का मामला अदालत में टिक नहीं पाएगा और परीक्षा रद्द हो जाएगी। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा नौकरी देने की नहीं थी, क्योंकि परीक्षा रद्द होने से न नौकरी देनी पड़ेगी, न आरक्षण का लाभ देना पड़ेगा और न ही किसी को वेतन देना होगा। उन्होंने अपने बयान में कहा, “नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।” अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार युवाओं के रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का मुद्दा उठाती रही है। एपीओ परीक्षा का परिणाम रद्द होना इस बात का उदाहरण है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।
कोटे वाले कैंडिडेट्स मेरिट के आधार पर सामान्य सूची में शामिल क्यों नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में स्थान पाने के पात्र पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के अधिकारों पर चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षित वर्ग के ऐसे उम्मीदवारों को सामान्य श्रेणी की मेरिट सूची में शामिल नहीं किया गया, जिन्होंने सामान्य श्रेणी के कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए थे। अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण के नियमों और मेरिट के सिद्धांतों का पालन नहीं होने से योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ है।
50 हजार से अधिक कैंडिडेट्स की मेहनत का क्या होगा?
अखिलेश यादव ने एपीओ परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि परीक्षा की तैयारी में अभ्यर्थियों और उनके माता-पिता ने जो पैसा खर्च किया, उसकी जवाबदेही कौन लेगा? अब दोबारा परीक्षा होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को फिर से खर्च और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए माता-पिता अपनी कमाई लगाते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में हुई गलती का बोझ अभ्यर्थियों पर डालना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार को इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।
‘सपा सरकार बनी तो भर्ती में आरक्षण और मेरिट के नियमों का पालन होगा’
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ऐसी व्यवस्था बनाएगी, जिसमें युवाओं को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा नहीं खटखटाना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने अपने बयान के अंत में भाजपा के खिलाफ राजनीतिक नारा देते हुए कहा, “भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ!” बहरहाल, एपीओ परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद अब उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को अदालत के निर्देशों के अनुसार संशोधित मेरिट सूची तैयार करनी होगी और उसके आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा आयोजित करनी होगी। इस फैसले ने प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया, आरक्षण और युवाओं के रोजगार को लेकर राजनीतिक बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है।